इंदौर,उज्जैन,देवास,शाजापुर,शुजालपुर,कालापीपल,अकोदिया के लिए भोपाल से प्रकाशित

Wednesday, 10 May 2017

टोल टैक्स वसूली तो जारी पर स्टेट हाईवे की मरम्मत तक नहीं कर रहे जिम्मेदार




बुधनी टाईम्स शुजालपुर-आष्टा व शुजालपुर-पचोर मार्ग की जो की स्टेट हाइवे है, की स्थिति कई जगह पर बुरी तरह से खराब हो गई है। इससे दुर्घटना का खतरा बढ़ता जा रहा है। कुछ जगह पर तो सड़क इतनी खराब है कि छोटे चाैपहिया वाहन चलाना ही मुश्किल हो गया है। पिछले कुछ समय से इस मार्ग पर पेचवर्क नहीं होने के कारण इस प्रकार की स्थिति बनी है।

सबसे अधिक खराब स्थिति नगर के बाहर फ्रीगंज में गायत्री के समीप से लेकर पहली पुलिया तक और ग्राम अमलाय के समीप व अरन्याकलां बस स्टैंड, पचोर रोड पर तलेन के आगे यह मार्ग पूरी तरह से खराब हाे गया है। इस कारण अब दुर्घटना हो रही है। दो दिन पूर्व ग्राम चौताड़ा के समीप दो लोगों की मौत खराब मार्ग के कारण हुई थी। बताया जाता है कि बाइक चालकों द्वारा सड़क पर हो रहे गड्‌ढों के बचाने के चक्कर में आपस में टकरा गए थे। यहां से गुजरने वाले रामसिंह और कमल गुर्जर ने बताया कि इस मार्ग का समय-समय पर पेचवर्क होना चाहिए। पहले इस मार्ग पर यातायात कम होता था, लेकिन अब इस मार्ग पर राजस्थान व महाराष्ट्र की आने जाने वाले बड़े वाहन ज्यादा निकल रहे हैं। इस कारण यातायात काफी रहता है और दुर्घटना होने का भय बना रहता है। ग्राम अमलाय प्रतिदिन आने जाने वाले सुशील सोनी का कहना है कि शुजालपुर-आष्टा और शुजालपुर- पचोर मार्ग की स्थिति पिछले कुछ दिन से कई जगह पर बड़े -बड़े गड्‌ढे हो गए है जिसके कारण अक्सर दुर्घटना होने की संभावना बनी रहती है। इस मार्ग पर कई बार दुर्घटना हो चुकी है लेकिन संबंधित विभाग द्वारा इसको ठीक करने के लिए कोई कदम नहीं उठाए गए। जबकि इस मार्ग को समय-समय ठेकेदार द्वारा ठीक किया जाना चाहिए। कुछ दिन पहले जो पेचवर्क किया गया उनकी गुणवत्ता इतनी खराब थी कि वह कुछ दिन बाद ही फिर से पूरा मार्ग खराब हाे गया। इस मार्ग पर तो अब टोल टैक्स भी लिया जा रहा है। बावजूद जनप्रतिनिधियों का इस ओर ध्यान नहीं है। शुजालपुर व कालापीपल विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले मार्ग की स्थिति ज्यादा खराब है।

चर्चा कर मार्ग फिर से ठीक कराया जाएगा
लोगों ने सड़क की हालत को लेकर मुझे अवगत कराया है। इसके लिए एमपीआरडी के अधिकारियों से चर्चा की जाएगी। मार्ग की स्थिति को फिर से ठीक कराया जाएगा। जसवंतसिंह हाड़ा, विधायक शुजालपुर

शिकायत आई तो जरूरी जगह मार्ग ठीक करवाएंगे

वैसे तो यह मार्ग एमपीआरडीसी के अंतर्गत आता है लेकिन हमें शिकायत दर्ज करवाई जाती है, तो हम भी जहां जरूरी होता है वहां मार्ग को ठीक करवाएंगे। बी.के. सूत्रकार, पीडब्लूडी एसडीओ

आष्टा मार्ग पर ग्राम अमलाय के समीप स्टेट हाइवे की ऐसी हालत हो गई ।